वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यातायात पुलिस ने सख्त डायवर्जन प्लान लागू किया है, जिसके तहत शाम 4 बजे के बाद कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
जारी एडवाइजरी के मुताबिक, बीएलडब्ल्यू (बरेका) क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा। सिनेमा तिराहा, कुंदन तिराहा, सेंट्रल मार्केट, डी-5 रेलवे क्रॉसिंग और सूर्य सरोवर इलाके में वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। इन इलाकों में जाने वाले वाहनों को पुलिस चौकी, एफसीआई गेट और अन्य वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
अमर उजाला तिराहे से टेम्पो, ट्रैवलर और अन्य सवारी वाहन शाम 4 बजे के बाद लहुराबीर-मैदागिन रूट पर नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा विशेश्वरगंज, चांदपुर चौराहा, अखरी अंडरपास, मुढैला, मंडुवाडीह, बौलिया, महमूरगंज, लहरतारा और भिखारीपुर जैसे प्रमुख चौराहों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
रोडवेज बसों, टूरिस्ट वाहनों और अन्य सवारी गाड़ियों को लहरतारा, मंडुवाडीह, ककरमत्ता और बीएलडब्ल्यू गेट की ओर जाने से रोका जाएगा। इन्हें मोहनसराय, डाफी और चांदपुर जैसे वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
बौलिया तिराहे से लहरतारा की ओर जाने वाले सभी वाहनों को फुलवरिया आरओबी की तरफ मोड़ा जाएगा, जबकि महमूरगंज आरओबी से मंडुवाडीह की दिशा में जाने पर रोक रहेगी। यहां से वाहनों को महमूरगंज चौकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने साफ किया है कि वीवीआईपी काफिले के आगमन और प्रस्थान के दौरान मंडुवाडीह, लहरतारा और महमूरगंज क्षेत्र में ट्रैफिक पूरी तरह नियंत्रित रहेगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इन रूट्स पर अनावश्यक यात्रा से बचें, समय से पहले निकलें और बताए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।













