वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव स्थित अंडा कार्टून (एग ट्रे) निर्माण प्लांट में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं तथा आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट में मौजूद भारी मात्रा में कागज, गत्ता और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे स्थिति कुछ समय के लिए बेकाबू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री परिसर से उठता धुएं का गुबार काफी दूर तक देखा गया। कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
हालांकि, प्लांट में रखे कच्चे माल, मशीनरी और अन्य संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई स्तर पर प्रयास किए गए।
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएंगे। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।













