रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) के लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम बुधवार, 29 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि परिणाम केवल अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, अभिभावकों और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करें और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा में आगे बढ़ें।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं परीक्षा में लगभग 3.21 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे, जबकि 12वीं बोर्ड परीक्षा में करीब 2.45 लाख छात्रों ने भाग लिया। दोनों कक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 15 अप्रैल तक पूरा कर लिया गया था।
हालांकि, 12वीं के हिंदी प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के कारण परिणाम जारी करने की प्रक्रिया कुछ समय के लिए प्रभावित हुई, जिसके चलते रिजल्ट घोषित होने में देरी हुई। अन्यथा परिणाम लगभग एक सप्ताह पहले जारी किए जा सकते थे।
छात्र अपना परिणाम छत्तीसगढ़ बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in पर जाकर देख सकेंगे। रिजल्ट चेक करने के लिए परीक्षार्थियों को वेबसाइट पर जाकर संबंधित कक्षा के रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा, फिर अपना रोल नंबर दर्ज कर परिणाम देख सकेंगे। छात्र अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित भी रख सकते हैं।
इसके अलावा, कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम भी अप्रैल के अंत तक जारी किए जाने की संभावना है। इन कक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन लगभग पूरा हो चुका है और अंकसूची तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। असफल विद्यार्थियों के लिए पुनर्परीक्षा आयोजित करने की तैयारी भी की जा रही है।
छात्रों और अभिभावकों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बोर्ड परीक्षा परिणाम उनके शैक्षणिक भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।













