वाराणसी। रोहनिया के बैरवन मोहनसराय में किसान संघर्ष समिति की आपातकालीन बैठक किसान नेता विनय शंकर राय “मुन्ना” के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में वाराणसी विकास प्राधिकरण के खिलाफ किसानों ने नाराजगी जताई और कथित दमनात्मक कार्रवाई को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी।
किसानों ने आरोप लगाया कि विकास प्राधिकरण सचिव द्वारा बिना उचित मूल्यांकन के कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। इस पर किसानों ने सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि 16 मई को बैरवन गांव में कहा गया था कि 20 मई को ट्रांसपोर्ट नगर की 314 एकड़ जमीन पर कब्जा किया जाएगा और मकान, ट्यूबवेल व अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा। किसानों ने इसे अवैधानिक बताया।
किसानों ने कहा कि वे न्यायालय के आदेश का पालन करेंगे, लेकिन किसी भी अवैधानिक कार्रवाई का विरोध किया जाएगा। बैठक में कई किसान नेता और ग्रामीण मौजूद रहे।









