वाराणसी। जिले में हाईवे किनारे संचालित अवैध कबाड़ कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मिर्जामुराद, राजातालाब और रोहनिया थाना क्षेत्रों में बिना अनुमति और बिना एनओसी के कई कबाड़ की दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां कथित तौर पर चोरी की गाड़ियों को काटने का काम किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि गोमती जोन के मिर्जामुराद और राजातालाब थाना क्षेत्र में हाईवे से सटे कई कबाड़ केंद्र खुलेआम चल रहे हैं। वहीं वरुणा जोन के रोहनिया थाना क्षेत्र में भी कबाड़ियों का नेटवर्क सक्रिय बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन दुकानों में संदिग्ध वाहनों के पार्ट्स काटे और बेचे जाते हैं।
सूत्रों का दावा है कि कई कबाड़ कारोबारियों के पास न तो वैध लाइसेंस है और न ही प्रशासनिक अनुमति, इसके बावजूद कारोबार लगातार जारी है। ऐसे में स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो चोरी की गाड़ियों और अवैध कबाड़ कारोबार का यह नेटवर्क और फैल सकता है। अब निगाहें गोमती जोन की डीसीपी नीतू कादयान और वरुणा जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार पर टिकी हैं कि इन अवैध कबाड़ियों के खिलाफ किस प्रकार की कार्रवाई की जाती है।









