चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बनने के बाद पहली बार जनपद आगमन पर हंसराज विश्वकर्मा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-02 स्थित गोधना के पास बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण, पुष्पवर्षा और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान “भारत माता की जय” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया जाएगा। साथ ही प्रदेश और जनपद के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी ने कहा कि राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा का जनपद में प्रथम आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा समाज के सभी वर्गों को लाभ पहुंचेगा।
कार्यक्रम में राजकिशोर सिंह, शिवशंकर पटेल, गुरदीप सिंह, शंभूनाथ गोंड, महेंद्र बिंद, अनिल चौहान, श्रीकांत विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, दिनेश मिश्रा, दिनेश गोंड, सोमारु बिंद, मंडल अध्यक्ष गंगाराम साहनी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।













