फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा फाजिल्का रोड स्थित जंगा वाले मोड़ के पास हुआ, जहां अस्थि विसर्जन के लिए जा रही एक पिकअप गाड़ी की घोड़ा ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में करीब 30 लोग सवार थे, जो अपने एक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए धार्मिक यात्रा पर निकले थे। परिवार शनिवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे घर से रवाना हुआ था। रास्ते में पेट्रोल भरवाने के बाद वाहन जंगा वाले मोड़ की ओर बढ़ रहा था, तभी सामने से आ रही ट्रॉली से उसकी भीषण टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन की छत पर भी कई लोग बैठे हुए थे, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। दुर्घटना के बाद कई यात्री वाहन में फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर उपचार के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार के साथ हुई इस दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।













