वाराणसी। उमसभरी गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। सारनाथ क्षेत्र के गंज इलाके में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसके विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। विरोध के बाद विद्युत विभाग ने ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई।
जानकारी के अनुसार बुद्ध नगर कॉलोनी घूमने वाले मोड़ के पास स्थित ट्रांसफार्मर गुरुवार रात करीब 11 बजे खराब हो गया था। इसके चलते पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रातभर लोग बिजली विभाग के अधिकारियों और संबंधित उपकेंद्र से संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह तक बिजली बहाल नहीं होने पर क्षेत्र के लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के बाद विभाग हरकत में आया और ट्रॉली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कर सुबह करीब सात बजे बिजली आपूर्ति चालू कराई।
लगभग आठ घंटे तक बिजली न रहने से इलाके में पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया। लोगों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी विनय कुमार ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की जाती। वहीं अरविंद मौर्य ने बताया कि क्षेत्र लंबे समय से लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहा है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
शाम को एक बार फिर गंज क्षेत्र में ओवरलोडिंग के कारण बिजली पैनल में चिंगारी निकलने से आपूर्ति बाधित हो गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रात नौ बजे बिजली व्यवस्था सामान्य हो सकी। लगातार सामने आ रही तकनीकी समस्याओं से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है और लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।









