, ,

वाराणसी के नरोत्तमपुर में युवक पर लोहे की रॉड से हमला, गंभीर घायल; देर से कार्रवाई का आरोप

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव में एक युवक पर कथित तौर पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक अमित कुमार पटेल ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनके पिता के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित अमित कुमार पटेल के अनुसार, उनके पिता बाजार गए हुए थे। इसी दौरान गांव में मौजूद कल्लू, नखडू और सलीम कथित रूप से गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार कर रहे थे। जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया, तो पीछे से उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया।

हमले में अमित कुमार पटेल के सिर में गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए सिर पर आठ टांके लगाए।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्होंने स्थानीय चौकी पर तहरीर दी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद अगले दिन कुछ समाजसेवियों के सहयोग से लंका थाने पहुंचने पर मुकदमा दर्ज किया गया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपित क्षेत्र में दबंगई करते हैं और आए दिन लोगों के साथ मारपीट तथा विवाद की घटनाओं में शामिल रहते हैं। उनका कहना है कि आरोपियों में न तो पुलिस का भय दिखाई देता है और न ही कानून का।

मामले को लेकर लंका थाना प्रभारी ने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस आरोपों की जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।

नोट: इस खबर में लगाए गए आरोप पीड़ित पक्ष के बयान पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!