वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में कमिश्नरेट के राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, आगामी मुहर्रम पर्व और नीट (NEET)-2026 परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सामान्य आपराधिक मामलों की विवेचना 60 दिनों के भीतर और जघन्य अपराधों की विवेचना 90 दिनों के भीतर हर हाल में पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी, दहेज हत्या, गैंगस्टर और एसआर श्रेणी के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने, डीसीपी स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने और विवेचकों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि चिन्हित अपराधियों के खिलाफ आवश्यकतानुसार राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए), गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और हिस्ट्रीशीट जैसी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रिकालीन गश्त को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आगामी मुहर्रम पर्व को देखते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का स्वयं भ्रमण करने, जुलूस मार्गों का सत्यापन कराने, ड्रोन कैमरों और रूफटॉप ड्यूटी के माध्यम से निगरानी बढ़ाने तथा मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नीट परीक्षा-2026 को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सोशल मीडिया की सतत निगरानी और परीक्षा केंद्रों के आसपास सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान समेत कमिश्नरेट के सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।













