अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राम मंदिर में आरती दर्शन के लिए ‘तत्काल पास’ व्यवस्था शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब श्रद्धालु सीमित संख्या में तत्काल पास प्राप्त कर आरती दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।
ट्रस्ट के अनुसार, तत्काल पास जारी करने के लिए बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित यात्री सुविधा केंद्र में अलग काउंटर बनाया गया है। फिलहाल प्रतिदिन 14 तत्काल पास जारी किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की संख्या और आवश्यकता को देखते हुए भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है।
श्रद्धालुओं के लिए एक और बड़ी राहत यह है कि राम दरबार दर्शन के लिए अब पास की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। नई व्यवस्था के बाद श्रद्धालु बिना किसी पास के भी राम दरबार के दर्शन कर सकेंगे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को अधिक सरल, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधा मिल सके।









