फायर सेफ्टी जांच से कोचिंग संचालकों में हड़कंप, कई संस्थान बंद मिले

वाराणसी। लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुई भीषण आग की घटना के बाद वाराणसी प्रशासन फायर सेफ्टी को लेकर पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर इलाके में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) आनंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच अभियान शुरू होते ही क्षेत्र के कई कोचिंग संस्थानों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थान बंद मिले, जबकि कई संचालकों ने प्रतिष्ठानों पर ताले लगा दिए। कुछ स्थानों पर संचालक जल्दबाजी में बैनर और पोस्टर हटाते नजर आए। वहीं, कई कोचिंग संस्थानों के बाहर लगे बोर्ड और विज्ञापन सामग्री को भी ढंक दिया गया।

संयुक्त टीम ने संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिया कि सभी प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखा जाए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने कहा कि जन सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जांच अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा और कई संचालक सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों को दुरुस्त करने में जुटे दिखाई दिए। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!