कोलकाता हादसा: निर्माणाधीन गोदाम का छज्जा ढहा, 5 की मौत; सेना समेत कई एजेंसियां राहत कार्य में जुटीं

कोलकाता। पश्चिमी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक निर्माणाधीन गोदाम का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि अब भी कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।

यह हादसा डायमंड हार्बर रोड स्थित ब्रेज ब्रिज के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के समय गोदाम में निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक छज्जा गिरने से वहां मौजूद मजदूर और कर्मचारी मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन दल और नागरिक सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए सेना की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है।

बचाव दल भारी मशीनों की मदद से लगातार मलबा हटाने में जुटा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक यह पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो जाता कि कोई व्यक्ति मलबे के नीचे फंसा नहीं है।

राज्य सरकार ने सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070 और 033-22143526 / 22535185 जारी किए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की जाएगी। जिम्मेदारी तय होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो प्रमुख- कोलकाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!