पार्क में पेड़ कटने पर मेयर का फूटा गुस्सा, अफसरों से मांगा जवाब; बोले- लापरवाही हुई तो दर्ज होगा मुकदमा

वाराणसी। महमूरगंज स्थित अन्नपूर्णानगर कॉलोनी में पार्क निर्माण के दौरान पुराने पेड़ों की कटाई और जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत ने नगर निगम प्रशासन में हलचल बढ़ा दी। शिकायत मिलने के बाद महापौर अशोक तिवारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान पेड़ काटे जाने को लेकर महापौर ने संबंधित अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर पेड़ों को हटाने की अनुमति किसने दी थी। इस सवाल पर अधिकारी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। स्थिति से नाराज महापौर ने मामले में जिम्मेदारी तय करने और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

पार्क की जमीन पर कब्जे की शिकायत भी उठी

निरीक्षण के दौरान पार्क की भूमि पर कथित अतिक्रमण और निर्माण का मुद्दा भी सामने आया। महापौर ने अधिकारियों से जमीन की स्थिति और वहां किए जा रहे निर्माण से संबंधित जानकारी मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक पार्क और सरकारी भूमि से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

महापौर ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन, पार्क और पेड़ों की सुरक्षा में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने की हिदायत देते हुए मुकदमा दर्ज कराने तक की चेतावनी दी।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों में खलबली

महापौर के सख्त रुख के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों में हलचल बढ़ गई। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर यह पता लगाने को कहा कि पेड़ों की कटाई किसकी अनुमति से हुई और पार्क की जमीन पर कथित कब्जे की स्थिति क्या है।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक संपत्ति से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और भविष्य में ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!