कमरा नहीं खुला तो पहुंची पुलिस, बेहोशी की हालत में मिली महिला को समय पर मिली मदद

वाराणसी। तिलमापुर क्षेत्र में सोमवार को एक महिला के काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचीं आशापुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीक्षा पाण्डेय ने दरवाजा खुलवाया तो महिला अंदर बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस की तत्परता से महिला को समय पर प्राथमिक सहायता मिली और उसे अस्पताल भेजा गया।

मकान मालिक कैलाश नाथ मिश्रा के अनुसार, वैशाली (26) अपने पति पंकज कुमार के साथ किराये के मकान में रहती हैं। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पीआरवी के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।

दरवाजा खुला तो बेहोश मिली महिला

सूचना मिलते ही आशापुर चौकी प्रभारी दीक्षा पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। दरवाजा खुलवाने पर वैशाली कमरे के अंदर बेहोश मिलीं। चौकी प्रभारी ने तत्काल प्राथमिक सहायता देते हुए उन्हें होश में लाने का प्रयास किया। कुछ ही देर में महिला को होश आ गया।

उपवास के दौरान बिगड़ी तबीयत

होश में आने के बाद महिला ने बताया कि उनके पति काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। सोमवार को उनका उपवास भी था। इसी दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वह बेहोश हो गई थीं।

चौकी प्रभारी ने महिला के सारनाथ निवासी रिश्तेदार अवधेश कुमार को घटना की जानकारी दी। रिश्तेदार के मौके पर पहुंचने के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने फोन के माध्यम से महिला के पति को भी घटना की जानकारी दी।

पुलिस की तत्परता की हुई सराहना

समय रहते पुलिस के मौके पर पहुंचने और महिला को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने से उसे तत्काल मदद मिल सकी। आशापुर चौकी प्रभारी की संवेदनशीलता और तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!