वाराणसी। परिवार के साथ विंध्याचल दर्शन के लिए निकली महिला के सामान से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। बस यात्रा के दौरान महिला के ट्रॉली बैग से जेवरात रखा झोला गायब हो गया। अमरावती चौराहे पर सामान की जांच के दौरान चोरी का पता चला। पीड़ित परिवार की शिकायत पर सिगरा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के भावानापुर निवासी मनोज कुमार पांच अगस्त को पत्नी और मां के साथ विंध्याचल दर्शन के लिए बस संख्या UP 65 MT 1406 से निकले थे। यात्रा के दौरान उनकी पत्नी का ट्रॉली बैग बस में ही रखा था। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग के अंदर रखा छोटा झोला कथित तौर पर निकाल लिया।
सामान चेक करने पर खुला चोरी का राज
यात्रा के दौरान अमरावती चौराहे पर पहुंचने के बाद परिवार ने ट्रॉली बैग की जांच की। बैग खोलने पर उसमें रखा जेवरात का झोला नहीं मिला। इसके बाद आसपास और सामान में काफी तलाश की गई, लेकिन झोले का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान में सोने का हार, चार कंगन, चांदी की करधनी, पाजेब, बाल जोड़ी, कमरबंद और बिछिया समेत कई अन्य आभूषण शामिल हैं। जेवरात की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
बस और सीसीटीवी फुटेज की जांच
जेवरात गायब होने के बाद पीड़ित ने सिगरा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब बस के रूट, रास्ते में रुके स्थानों और संभावित घटनास्थलों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और संदिग्धों की जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






















Leave a Reply