प्रतापगढ़। प्रेम विवाह की रंजिश एक युवक की हत्या का कारण बन गई। जेठवारा थाना क्षेत्र के खटवारा गांव में 29 वर्षीय राजू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, राजू सिंह ने अगस्त 2025 में गांव की ही खुशबू वर्मा से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। इस शादी का युवती के परिजन लगातार विरोध कर रहे थे। सोमवार रात राजू बाइक से घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल राजू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मृतक के भाई रवि सिंह की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। नामजद आरोपियों में खुशबू वर्मा के भाई पिंटू वर्मा और जितेंद्र वर्मा भी शामिल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान अरुण वर्मा ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से 14 जिंदा कारतूस सहित अन्य अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं।
मृतक की गर्भवती पत्नी खुशबू ने आरोप लगाया कि परिवार की नाराजगी के चलते उसके भाइयों ने ही इस हत्या की साजिश रची। उन्होंने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













