वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बस अचानक जर्जर सड़क में धंस गई। बस एक तरफ झुकने से उसमें बैठे बच्चों में घबराहट फैल गई, लेकिन चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बताया गया कि हरि बंधु इंटरनेशनल स्कूल की बस नियमित रूप से बच्चों को लेकर सिंहपुर मार्ग से गुजर रही थी। रास्ते में सड़क पर बने गहरे गड्ढों और कमजोर किनारे के कारण बस का पिछला हिस्सा धंस गया, जिससे वाहन असंतुलित होकर एक ओर झुक गया। बस में मौजूद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए।
बस चालक ने संयम बनाए रखते हुए वाहन को पलटने से बचाया। इसके बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने मिलकर एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई बच्चा घायल नहीं हुआ।
हादसे के बाद बस काफी देर तक सड़क पर फंसी रही, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि लंबे समय से सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं और कई बार शिकायत करने के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सिंहपुर मुख्य मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।









