वाराणसी। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, वाराणसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। सोमवार को संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित धन्यवाद ज्ञापन बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) भूपेंद्र सिंह को सौंपा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सकलदेव सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लंबे समय से शिक्षक संगठनों द्वारा कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग उठाई जा रही थी। सरकार द्वारा इस मांग को स्वीकार कर योजना लागू करना शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय है।
जिलाध्यक्ष सकलदेव सिंह ने कहा कि इस योजना से प्रदेश के लाखों शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक बोझ कम होगा और शिक्षकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
जिला मंत्री शैलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि सरकार की यह पहल शिक्षक कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और उनके प्रति सरकार की संवेदनशीलता भी परिलक्षित होती है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शिक्षकों के हितों से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे। इस अवसर पर शिक्षक संघ के राकेश चंद पाठक सहित कई पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।









