लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, “घबराइए मत, हर समस्या का समाधान होगा। सरकार आपके साथ है।” उन्होंने स्वयं लोगों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मामले में गुणवत्ता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दर्शन के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं, जिनमें राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, पेंशन, आवास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामले शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









