ओएनजीसी के पूर्व जीएम साधु शरण तिवारी का निधन, मनोज तिवारी के बड़े भाई थे

वाराणसी। ओएनजीसी के पूर्व महाप्रबंधक साधु शरण तिवारी (72) का शनिवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और दिल्ली के एम्स में उनका उपचार चल रहा था। शनिवार दोपहर उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

साधु शरण तिवारी दिल्ली के सांसद एवं भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी के बड़े भाई थे। परिवार के अनुसार, चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े होने के कारण वह परिवार में अभिभावक की भूमिका निभाते थे।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय से की थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई

साधु शरण तिवारी ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से आईआईटी की शिक्षा प्राप्त की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) में सेवाएं शुरू कीं। नौकरी के दौरान उन्होंने कोलकाता, असम और मुंबई समेत कई स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं और बाद में महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हुए।

मणिकर्णिका घाट पर होगा अंतिम संस्कार

सांसद मनोज तिवारी के अनुसार, साधु शरण तिवारी का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर करीब 12 बजे वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा। अंतिम संस्कार में परिवार और करीबी लोगों के शामिल होने की संभावना है।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक

साधु शरण तिवारी के निधन की सूचना के बाद राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया। प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, गीतकार कन्हैया दुबे ‘केडी’, डॉ. अशोक राय समेत कई लोगों ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!