वाराणसी। काशी को फिर से हरा-भरा बनाने की दिशा में नगर निगम ने शहरवासियों के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब पौधा लगाने के इच्छुक लोगों को पौधा खरीदने या ट्री-गार्ड लगाने की चिंता नहीं करनी होगी। नगर निगम नि:शुल्क पौधा और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराने के साथ खुद मौके पर पहुंचकर पौधारोपण भी करेगा।
इस पहल का उद्देश्य काशी को उसके प्राचीन स्वरूप ‘आनंद-कानन’ की पहचान से जोड़ते हुए शहर में हरियाली का दायरा बढ़ाना है।
स्मार्ट काशी एप से कर सकेंगे आवेदन
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में पत्रकारवार्ता के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि कॉलोनी, मोहल्ले, पार्क या घर के आसपास पौधा लगाने के इच्छुक नागरिक महापौर कार्यालय अथवा स्मार्ट काशी एप के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं।
आवेदन मिलने के बाद नगर निगम की टीम संबंधित स्थान पर पहुंचेगी। टीम गड्ढा खोदने, पौधा लगाने और उसके चारों ओर ट्री-गार्ड लगाने का काम करेगी। एक पौधे और ट्री-गार्ड पर करीब 2,740 रुपये का खर्च नगर निगम उठाएगा।
पौधे की जिम्मेदारी भी तय होगी
नगर निगम केवल पौधा लगाकर अपनी जिम्मेदारी खत्म नहीं करेगा। लगाए गए पौधे की देखभाल के लिए एक ‘पालक’ का नाम भी दर्ज किया जाएगा, ताकि पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी तय रहे।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि स्मार्ट काशी एप पर आवेदन करते समय नागरिकों को वार्ड संख्या, मोहल्ला या कॉलोनी, मकान नंबर और मोबाइल नंबर की जानकारी देनी होगी।
इस साल 25 हजार नए पौधे लगाने का लक्ष्य
नगर निगम ने इस वर्ष ट्री-गार्ड के साथ 25 हजार नए पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। नए वित्तीय वर्ष में शहर के सभी आठ जोनों में 25 हजार ट्री-गार्ड लगाने और अगले दो वर्षों तक उनके रखरखाव के लिए 7.45 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सारंग तालाब में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने के लिए भी 1.29 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
पुराने पौधारोपण अभियान के नतीजे
नगर निगम के अनुसार, वर्ष 2024-25 में लगाए गए आठ हजार पौधों में से 5,543 पौधे जीवित हैं। वहीं 2025-26 में लगाए गए 20 हजार पौधों में से 19,269 पौधे सुरक्षित बताए गए हैं।
ट्री-गार्ड के साथ लगाए गए पौधों की संख्या में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है, जहां अब तक 10,305 पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा रोहनिया में 6,713, कैंट में 6,236 और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 4,746 पौधे लगाए गए हैं।
इन प्रजातियों के पौधे मिलेंगे
नगर निगम की ओर से शहरवासियों को मौलश्री, अमलतास, नीम, अर्जुन, पीपल, पाकड़, बरगद और गुलमोहर जैसी पारंपरिक एवं छायादार प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नगर निगम का दावा है कि अभियान का लक्ष्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है। लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि काशी में लंबे समय तक हरियाली कायम रह सके।























Leave a Reply