वाराणसी। शहर के बेनियाबाग, टाउनहॉल और मच्छोदरी पार्क को अलग-अलग थीम पर विकसित करने की तैयारी है। नगर निगम की करीब 4.92 करोड़ रुपये की इस योजना के तहत पार्कों में दुनिया के सात अजूबों, 12 ज्योतिर्लिंगों और भारत की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
योजना का उद्देश्य इन पार्कों को पर्यटन के नए आकर्षण के रूप में तैयार करना है। अलग-अलग विषयों पर विकसित होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को यहां घूमने के साथ देश-दुनिया की विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
बेनियाबाग पार्क को ‘सेवन वंडर्स’ थीम पर नया स्वरूप दिया जाएगा। यहां दुनिया के सात अजूबों की प्रतिकृतियां स्थापित करने की योजना है। इस कार्य पर करीब 1.85 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। नगर निगम ने इसके लिए दो नवंबर को टेंडर जारी किया है।
टाउनहॉल और मच्छोदरी पार्क भी प्रस्तावित कायाकल्प योजना में शामिल हैं। तीनों पार्कों को अलग पहचान देकर शहर में पर्यटन और मनोरंजन के स्थलों का विस्तार करने की तैयारी की जा रही है।












