चंदौली। सिकठा गांव की आकांक्षा यादव का चयन उपनिरीक्षक पद पर हुआ है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण उन्हें बधाई दे रहे हैं। इस सफलता के बाद आकांक्षा का अगला लक्ष्य भारतीय पुलिस सेवा में अधिकारी बनना है।
हरि शंकर यादव की पुत्री आकांक्षा ने छह नवंबर को नियुक्ति पत्र प्राप्त किया। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में निरंतर मेहनत की। परिवार ने उनकी उपलब्धि को अनुशासन, लगन और नियमित तैयारी का परिणाम बताया।
आकांक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार के सहयोग और बड़ों के आशीर्वाद को दिया है। उनका कहना है कि शुभचिंतकों के प्रोत्साहन ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया। वह अब आईपीएस अधिकारी बनने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तैयारी में जुटी हैं।
ग्रामीणों ने आकांक्षा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनका मानना है कि गांव की बेटी की यह उपलब्धि अन्य युवक-युवतियों को भी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी।












