,

बस के पायदान पर 20 किमी तक लटके रहे बुजुर्ग, पहियों के नीचे आने से मौत

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में बस चालक की कथित लापरवाही के चलते एक बुजुर्ग की जान चली गई। आरोप है कि बस के अगले पायदान पर लटके बुजुर्ग को देखकर भी चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब 20 किलोमीटर तक बस दौड़ाता रहा। इस दौरान मृतक का बेटा अपनी कार से बस का पीछा करता रहा और चालक से वाहन रोकने की गुहार लगाता रहा। आखिरकार तेज रफ्तार बस मोड़ने के दौरान बुजुर्ग का संतुलन बिगड़ गया और वह पहियों के नीचे आ गए।

घटना 18 नवंबर की सुबह की बताई जा रही है। मृतक की पहचान मानेसर निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। उनके बेटे तरुण कुमार यादव के मुताबिक, उनके पिता की राजस्थान नंबर की बस के चालक और कंडक्टर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान चालक ने अचानक बस चला दी, जिससे कृष्ण कुमार बस के अगले पायदान पर लटक गए।

तरुण ने बताया कि पिता को बस से लटका देख उन्होंने अपनी कार से वाहन को रोकने की कोशिश की। वह लगातार बस चालक से रुकने की अपील करते रहे, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। आरोप है कि चालक ने उनकी कार को टक्कर मारने का प्रयास भी किया। इसके बावजूद तरुण बस का पीछा करते रहे और पिता को बचाने की कोशिश करते रहे।

बताया गया कि बस जब कापड़ीवास बॉर्डर के पास पहुंची तो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान पायदान पर लटके कृष्ण कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह बस के पहियों के नीचे आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन आनन-फानन में उन्हें मानेसर स्थित फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

बेटे तरुण कुमार यादव की शिकायत पर पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

ब्यूरो प्रमुख- गुरुग्राम

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!