वाराणसी। वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गोलगड्डा क्षेत्र में छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से प्रतिबंधित प्रजाति के 650 जीवित तोते बरामद हुए हैं। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन के साथ सात लोहे के पिंजरे और दो बोरे भी जब्त किए गए हैं।
वन संरक्षक, वाराणसी वृत्त के निर्देशन में प्रभागीय वनाधिकारी वाराणसी और एसटीएफ की टीम ने गुरुवार देर रात यह कार्रवाई की। विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गोलगड्डा के पास प्रतिबंधित पक्षियों के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन से पक्षियों की तस्करी की तैयारी कर रहे तीन लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के पटना निवासी मोहम्मद समीम (53), मोहम्मद नासीर (19) और आफताब (25) के रूप में हुई है। बरामद पक्षियों में 60 एलेक्जेंड्रिन तोते और 590 अन्य तोते शामिल हैं। सभी 650 पक्षियों को सात लोहे के जालीदार पिंजरों और दो बोरों में रखा गया था।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे मिर्जापुर और चंदौली के जंगलों से शिकारियों के जरिए तोते खरीदते थे। इसके बाद उन्हें अलग-अलग शहरों में पहुंचाकर बेचते थे। वन विभाग के अनुसार, आरोपी लंबे समय से प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों के अवैध कारोबार में शामिल थे।
इस कार्रवाई में वाराणसी वन रेंज प्रभारी राजकुमार गौतम, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राहुल बलवंत और वन रक्षक अल्का चौरसिया समेत वन विभाग एवं एसटीएफ के अन्य सदस्य शामिल रहे।












