,

चोरी और दुकानदार पर हमले से व्यापारियों में चिंता, सुरक्षा की मांग

चंदौली। कमालपुर बाजार में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं और दुकानदार पर हमले के मामले को लेकर व्यापारियों ने राज्यसभा सांसद साधना सिंह से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। बुधवार को उद्योग व्यापार मंडल कमालपुर के अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल के नेतृत्व में पदाधिकारियों और व्यापारियों ने सांसद के आवास पर पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। सांसद ने मामले में पुलिस अधीक्षक चंदौली से फोन पर बात कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिलाया।

व्यापारियों ने बताया कि बाजार और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं के चलते कारोबारियों में असुरक्षा की भावना है। इस दौरान मेराज अंसारी, संतोष सब्जी विक्रेता और जनौली निवासी मनोज अग्रहरि के यहां हुई चोरी की घटनाओं का मुद्दा उठाया गया।

इसके साथ ही दुकान बंद कर घर लौट रहे दुकानदार मारूफ रजा पर हुए हमले का मामला भी सांसद के सामने रखा गया। व्यापारियों का कहना था कि घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चोरी और हमले की घटनाओं का जल्द खुलासा करने तथा बाजार में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

शिकायतें सुनने के बाद सांसद साधना सिंह ने तत्काल पुलिस अधीक्षक चंदौली से फोन पर बातचीत की और उन्हें घटनाओं की जानकारी दी। इस पर एसपी ने बताया कि सभी मामले उनके संज्ञान में हैं और जल्द ही उनका पर्दाफाश किया जाएगा।

मुलाकात के दौरान हफीजुर्रहमान अंसारी, नवरंग गुप्ता, शंभू अग्रहरि, राजकुमार गुप्ता पप्पू, शिवजी वर्मा, मिथिलेश जायसवाल, विकास मोदनवाल, घनश्याम जायसवाल और बबलू जायसवाल समेत कई व्यापारी व व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Follow us

error: Content is protected !!