चंदौली। दवा कारोबारी रोहिताश पाल की हत्या के एक साल बाद भी पुलिस मुख्य शूटर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जांच के दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और करीब 350 लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन वारदात को अंजाम देने वाला अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान अब तक फरार है। वहीं, हत्या की साजिश में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी जमानत पर बाहर आ चुके हैं। ऐसे में पीड़ित परिवार को अब भी न्याय का इंतजार है।
18 नवंबर 2025 की रात करीब साढ़े दस बजे जीटी रोड स्थित अपनी दुकान के बाहर रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हुडी पहने बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया और धर्मशाला रोड की ओर भाग निकला। घटना के बाद आक्रोशित मेडिकल कारोबारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया था।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान भानू जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल और मनोज जायसवाल को गिरफ्तार किया था। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने हत्या की वजह जमीन विवाद बताई थी। पुलिस के मुताबिक, रोहिताश पाल जमीन के बैनामे को लेकर न्यायालय में मुकदमा लड़ रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और एसटीएफ को भी जांच में लगाया गया। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की।
जांच के दौरान अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान की पहचान शूटर के रूप में की गई। जुलाई 2026 में न्यायालय ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी, इसके बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। इस बीच मुगलसराय कोतवाली में तीन प्रभारी बदल गए, लेकिन हत्याकांड का मुख्य आरोपी अब तक पकड़ से बाहर है।
रोहिताश के भाई सिद्धार्थ पाल सोशल मीडिया पर लगातार न्याय की मांग उठा रहे हैं। वह अब तक 50 से अधिक पोस्ट के जरिए अपनी बात रख चुके हैं। इसके बावजूद परिवार को मुख्य शूटर की गिरफ्तारी और मामले के पूरी तरह खुलासे का इंतजार है।
सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार शूटर की तलाश कर रही हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकेगा।
















