वाराणसी। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक और कलेक्शन सेंटरों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरुण के निर्देश पर मंगलवार से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने छह टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर केंद्रों की व्यवस्थाओं की पड़ताल करेंगी।
जांच के दौरान सबसे पहले केंद्रों के पंजीकरण और संचालन की वैधता देखी जाएगी। इसके साथ ही जांच रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया, परीक्षणों की गुणवत्ता और लैब में कार्यरत कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता की जांच होगी। तकनीशियनों की डिग्रियों का भी सत्यापन किया जाएगा। बिना वैध पंजीकरण के संचालित केंद्र मिलने पर उन्हें सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ब्लड स्टोरेज और उसके रखरखाव से जुड़े निर्धारित मानकों को भी परखा जाएगा। विभाग ने पूरी जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया है, ताकि निरीक्षण का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे और कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे।
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में नियमों और मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई होगी। गंभीर अनियमितता मिलने पर केंद्र को सील भी किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य निजी जांच केंद्रों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना और अवैध रूप से संचालित संस्थानों पर रोक लगाना है। अभियान शुरू होने से निजी पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों के संचालकों में हलचल बढ़ गई है।












