चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के ओनावल गांव में चोरों ने एक मकान में घुसकर नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर लिए। वारदात सोमवार देर रात करीब दो बजे विकास यादव के घर हुई। चोर करीब 70 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
विकास यादव के मुताबिक, रात में अज्ञात चोर घर में दाखिल हुए और सामान खंगालने लगे। उन्होंने सोने की सिकड़ी, अंगूठी और उनकी पत्नी के अन्य कीमती गहनों के साथ नकदी भी चोरी कर ली। चोर उनकी मां और पत्नी के बक्से भी घर से उठाकर धान के खेत में ले गए और वहां सामान निकालकर बक्से फेंक दिए।
सुबह चोरी की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सकलडीहा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित परिवार को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
गांव में चोरी की इस घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।












