चंदौली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ जिले के गांवों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। रविवार की शाम गांव के मुख्य छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच व्रती महिलाओं ने तालाब के जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति तथा संतान की दीर्घायु की कामना की।
अर्घ्य के दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाएं भगवान सूर्य और छठी मइया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती नजर आईं। श्रद्धालुओं की ओर से तालाब के भीतर गन्ने का आकर्षक मंडप तैयार किया गया था। मंडप में दीप प्रज्वलित कर लोगों ने सुख, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की। घाट पर पूजा के पारंपरिक दृश्यों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
छठ पूजा के लिए महिलाएं अपने परिजनों के साथ बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, नारियल, केला, अनानास, गन्ना और अन्य मौसमी फल लेकर घाट पर पहुंचीं। घाट के चारों ओर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की आस्था से तालाब घाट का नजारा बेहद मनोहारी हो गया।
इस दौरान तालाब की सीढ़ियों और आसपास के परिसर में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भीड़ लगी रही। ग्राम पंचायत और स्थानीय युवाओं के सहयोग से घाट पर साफ-सफाई और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए थे। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के चलते व्रती महिलाओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
गांव में छठ महापर्व को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आस्था, परंपरा और आपसी सहयोग के इस संगम ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।












