वाराणसी। अजगरा विधानसभा क्षेत्र के चोलापुर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में शनिवार, 14 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी की ओर से आयोजित इस मेले में विधायक त्रिभुवन राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर विधायक त्रिभुवन राम ने रोजगार मेले में पहुंचे युवाओं से संवाद किया और उन्हें अपनी योग्यता, रुचि एवं कौशल के अनुरूप उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं और रोजगार देने वाली कंपनियों के बीच संपर्क स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो रहे हैं।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उनके कौशल विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को उनकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े होकर प्रदेश और देश के विकास में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम में अध्यक्ष अनिल सिंह, खंड विकास अधिकारी राजेश सिंह, सहायक निदेशक सेवायोजन मुकेश कुमार, चोलापुर मंडल अध्यक्ष विपिन चंद्र राय, रितेश सिंह, डीके सिंह, हीरू सिंह, मोहन बाबू, मनोज मानव, पप्पू भास्कर, दिलीप तिवारी, संकेत सिंह और सुमंत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। रोजगार मेले में क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं ने भी प्रतिभाग किया।












