वाराणसी। किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी बीच गेहूं के बीजों की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रगतिशील किसान एवं कृषि शोधकर्ता प्रकाश सिंह रघुवंशी ने आरोप लगाया है कि उनके द्वारा विकसित गेहूं की उन्नत किस्मों के नाम बदलकर कुछ कंपनियां बाजार में बेच रही हैं। उन्होंने इसे किसानों के साथ धोखाधड़ी बताते हुए मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रकाश सिंह रघुवंशी के मुताबिक, उनके द्वारा विकसित गेहूं की किस्मों कुदरत-9, अन्नपूर्णा, विश्वनाथ, रघुवंशी-8, रघुवंशी-10 और सूर्या-555 के नाम बदलकर बाजार में बिक्री की जा रही है। उनका आरोप है कि इससे उनके कृषि अनुसंधान और विकसित किस्मों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही किसानों को बीजों की वास्तविक पहचान और गुणवत्ता को लेकर गुमराह किए जाने की आशंका है।
उन्होंने महाराष्ट्र के सांगली स्थित शक्तिपीठ पर कुदरत-अन्नपूर्णा गेहूं की किस्म को बड़े पैमाने पर बेचने का आरोप लगाया है। वहीं, मध्य प्रदेश के नीमच स्थित श्री बालाजी बीज केंद्र पर इसी किस्म को कथित तौर पर ‘इजराइल डिजी-9’ नाम से बेचे जाने का दावा किया है। रघुवंशी का कहना है कि आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए उन्होंने ऑनलाइन भुगतान कर संबंधित विक्रेता से बीज भी खरीदा है। इसके अलावा चार से पांच अन्य कंपनियों के खिलाफ भी दस्तावेजी साक्ष्य होने की बात कही है।
रघुवंशी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत कई योजनाएं चला रही है। किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। ऐसे में यदि बीजों की वास्तविक पहचान और गुणवत्ता के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की जाती है तो इसका सीधा असर किसानों की मेहनत, पूंजी और फसल पर पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि वह नेत्र रोग से पीड़ित हैं और अस्वस्थता के बावजूद अपने कृषि अनुसंधान तथा विकसित बीजों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से अपनी स्थिति को देखते हुए आवश्यक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी अपील की है।
रघुवंशी ने मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री और संबंधित विभागों से मांग की है कि महाराष्ट्र के सांगली स्थित शक्तिपीठ और मध्य प्रदेश के नीमच स्थित श्री बालाजी बीज केंद्र समेत शिकायत में नामित विक्रेताओं के यहां से बीजों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। साथ ही बीजों के वास्तविक स्रोत, खरीद के प्रमाण और संबंधित दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच हो। आरोपों की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान करने वाले लोगों के अधिकारों की रक्षा और किसानों को प्रमाणिक बीज उपलब्ध कराना जरूरी है। कथित फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई से किसानों की मेहनत, पूंजी और कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के प्रयासों को सुरक्षित किया जा सकता है।
















