,

जनौली में किराना दुकान का दरवाजा तोड़कर चोरी, 20 हजार नकदी समेत कीमती सामान ले उड़े चोर

चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के कमालपुर चौकी अंतर्गत जनौली गांव में चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 हजार रुपये नकद और कीमती सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार रात हुई इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही चोरी और आपराधिक घटनाओं के बावजूद पुराने मामलों का खुलासा नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

जानकारी के अनुसार, कमालपुर निवासी मनोज अग्रहरि पुत्र केशव अग्रहरि की जनौली मोड़ पर किराना की दुकान है। गुरुवार देर शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर कैश बॉक्स में रखे करीब 20 हजार रुपये गायब मिले। इसके अलावा चोर दुकान से कीमती किराना सामान भी उठा ले गए।

बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने मजबूत बांस के सहारे छत पर चढ़कर सीढ़ी का दरवाजा तोड़ा और दुकान के अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और फोन के माध्यम से पुलिस को मामले की सूचना दी।

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों की चिंता बढ़ती जा रही है। इससे पहले मेराज अंसारी की किराना दुकान का ताला तोड़कर चोर करीब 20 हजार रुपये चोरी कर चुके हैं। वहीं, महज एक सप्ताह पहले संतोष सब्जी विक्रेता के घर दिनदहाड़े चोरी कर करीब दो लाख रुपये पार कर दिए गए थे। इन दोनों घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

इसके अलावा करीब दो माह पूर्व दुकान बंद कर अपने घर जमूरखा जा रहे दुकानदार मारूफ रजा पर अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इस मामले में भी पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि चोरी की पूर्व की घटनाओं और व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले का शीघ्र खुलासा किया जाए। साथ ही क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाकर व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

इस संबंध में धीना थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!