बीजिंग। चीन ने जंगलों की आग बुझाने के लिए विकसित अपने उभयचर विमान AG600 कुनलुंग की क्षमता का प्रदर्शन किया। 9 नवंबर को चोंगकिंग में आयोजित अग्निशमन अभ्यास के दौरान विमान ने महज दो सेकंड में 12 टन पानी गिराया। इससे करीब 40 मीटर चौड़ी और 300 मीटर लंबी पानी की बौछार बनी, जिसने 12 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र को कवर किया।
अभ्यास में दो AG600 विमानों ने हिस्सा लिया। इनमें से एक विमान ने पानी की सतह से पानी भरा, जबकि दूसरे ने जमीन से उड़ान भरी। इस विमान की खासियत है कि यह सामान्य रनवे के साथ-साथ झीलों और जलाशयों की सतह से भी उड़ान भरने और उतरने में सक्षम है। AG600 महज 20 सेकंड में पानी की सतह से करीब 12 हजार लीटर पानी भर सकता है।
आकार और क्षमता के लिहाज से भी यह विमान काफी खास है। इसकी लंबाई करीब 38.9 मीटर और पंखों का फैलाव 38.8 मीटर है। इसका अधिकतम उड़ान भार 60 टन है, जबकि इसकी व्यावहारिक उड़ान सीमा करीब 4,500 किलोमीटर बताई गई है।
AG600 कुनलुंग को जंगलों की आग बुझाने के अलावा समुद्री बचाव अभियान और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भी विकसित किया गया है। जमीन और पानी दोनों जगह से संचालन की क्षमता इसे आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोगी बनाती है।












