नेपाल। नए सख्त नियमों को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। दावा किया जा रहा है कि नई व्यवस्था के तहत कई बड़े बदलाव लागू किए गए हैं, जिनका उद्देश्य प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता और संसाधनों की बचत बताया जा रहा है।
वायरल हो रही जानकारी के अनुसार, सरकारी और निजी क्षेत्रों में काम के घंटे बढ़ाकर 12 घंटे तक किए जाने की बात कही जा रही है, जबकि सप्ताह में दो दिन की छुट्टी (शनिवार और रविवार) दी जाएगी। इसके पीछे पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने का तर्क बताया जा रहा है।
साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को छोड़कर अन्य किसी भी पदाधिकारी को सरकारी सुरक्षा नहीं दी जाएगी। जिन लोगों को सुरक्षा की आवश्यकता होगी, उन्हें अपने खर्च पर व्यवस्था करनी होगी।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त नियमों की चर्चा है, जिसमें छात्रों को एक निश्चित आयु तक किसी भी राजनीतिक दल के समर्थन या प्रचार से दूर रखने की बात कही जा रही है, ताकि वे पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
वायरल दावों में यह भी शामिल है कि गंभीर अपराधों, खासकर दुष्कर्म के मामलों में कठोर सजा का प्रावधान किया जाएगा। वहीं भ्रष्टाचार के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है, जिसमें रिश्वत लेते पकड़े जाने पर अधिकारियों को आजीवन निलंबन जैसे दंड का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा, सभी सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन करने और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने, मंदिरों में वीआईपी संस्कृति खत्म करने, अस्पतालों में गरीबों के लिए आरक्षित बेड सुनिश्चित करने और वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को परेशान न करने जैसे कई दावों की भी चर्चा हो रही है।
हालांकि इन सभी बिंदुओं को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की सूचनाओं की सत्यता की जांच करना जरूरी है, क्योंकि कई बार सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक जानकारियां भी तेजी से वायरल हो जाती हैं।













