रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले दो पैरा खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले सीआरपीएफ जवान तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शॉल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपने संघर्ष, साहस और खेल प्रतिभा से इसे साबित किया है। उनकी उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
नक्सली हमले में गंवाया बायां पैर, फिर भी जारी रखा संघर्ष
बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में तैनात थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार के साहस की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। विस्फोट में उनका पैर जरूर चला गया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जज्बा कायम रहा।
बचपन से शारीरिक चुनौती के बावजूद अभिजीत ने जीता कांस्य
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और कठिन अभ्यास तथा अनुशासन के दम पर अपनी प्रतिभा को निखारा। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारजनों को भी बधाई दी और उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी दी जाती है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी देश के लिए पदक जीतेंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का वातावरण बना है। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित रहे।
















