, ,

8.14 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में तीन गिरफ्तार, ‘न्यू लूडो परिवार’ समूह से नौ राज्यों के लोगों को बनाते थे निशाना

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट की साइबर अपराध शाखा और सारनाथ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन खेल के नाम पर चल रहे अंतरराज्यीय धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने देश के नौ राज्यों के लोगों से कुल 8 करोड़ 14 लाख 63 हजार 918 रुपये की धोखाधड़ी की है। शुक्रवार को पुलिस टीम ने सारनाथ की शिव विहार कॉलोनी में छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित टेलीग्राम पर ‘न्यू लूडो परिवार’ नाम से समूह संचालित करते थे। इसके जरिए लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच दिया जाता था। आरोप है कि गिरोह प्रतिबंधित ऑनलाइन लूडो खेल के नाम पर अवैध सट्टेबाजी भी कराता था। इसमें दांव की पूरी रकम यूपीआई के माध्यम से अपने बैंक खातों में मंगाई जाती थी। इसके बाद निर्धारित कमीशन काटकर शेष रकम का भुगतान किया जाता था।

जांच के दौरान उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और केरल समेत देश के नौ राज्यों के लोगों के साथ धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह से जुड़े बैंक खातों में कुल 8,14,63,918 रुपये का संदिग्ध लेनदेन पाया गया है। इस रकम के लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सागर सेठ (27), मंगल कुमार (34) और सुदीप कश्यप (28) के रूप में हुई है। तीनों को सारनाथ क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों, डिजिटल भुगतान और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और धोखाधड़ी से जुटाई गई रकम किन-किन बैंक खातों में स्थानांतरित की गई है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!