, ,

काशी का भव्य प्रवेश द्वार तैयार, 416.88 करोड़ से मोहनसराय-कैंट मार्ग बना मॉडल रोड

वाराणसी। काशी के पश्चिमी प्रवेश मार्ग मोहनसराय-कैंट सड़क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल रोड के रूप में विकसित किया गया है। मोहनसराय से लहरतारा तक 10 किलोमीटर लंबी सड़क को सिक्सलेन बनाया गया है। इसके दोनों तरफ डबल लेन सर्विस रोड भी तैयार की गई है। मुख्य सड़क और सर्विस रोड को मिलाकर यह मार्ग कुल 10 लेन का हो गया है। ‘गेटवे ऑफ काशी’ के रूप में विकसित इस मार्ग का लोकार्पण जल्द होने की उम्मीद है।

स्वर्णिम चतुर्भुज मार्ग से प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली की ओर से आने वाले वाहन मोहनसराय होकर काशी में प्रवेश करते हैं। आसपास बाजारों और आवासीय कॉलोनियों के विस्तार के कारण इस मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा था। इससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। इसी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण की योजना तैयार की।

करीब 416.88 करोड़ रुपये की लागत से मोहनसराय से लहरतारा तक 10 किलोमीटर लंबी सिक्सलेन सड़क और लहरतारा से कैंट तक करीब तीन किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण कराया गया है। इस परियोजना से मोहनसराय से कैंट तक पहुंचने में लगने वाला समय 45 मिनट से घटकर करीब 15 से 20 मिनट होने की उम्मीद है।

सड़क को काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप सजाया गया है। डिवाइडरों पर डमरू, त्रिशूल, शंख और ओम के प्रतीकों वाली आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। इसके अलावा सड़क के दोनों तरफ आकर्षक पौधारोपण किया गया है। जल निकासी के लिए ढके हुए नाले, बिजली के तारों को व्यवस्थित रखने के लिए डक्ट और पांच-पांच फीट चौड़े फुटपाथ भी बनाए गए हैं।

मोहनसराय में सिक्सलेन सड़क की चौड़ाई के अनुरूप भव्य प्रवेश द्वार तैयार किया जा रहा है। इसके ऊपर विशाल शंख स्थापित किया जाना बाकी है। प्रवेश द्वार के सामने बने त्रिकोणीय आइलैंड पर नक्काशीदार घंटियों वाले छह स्तंभ लगाए गए हैं। इन स्तंभों पर शंख, त्रिशूल, डमरू और फरसे की आकृतियां उकेरी गई हैं। इसके अलावा आठ अन्य स्तंभ भी स्थापित किए गए हैं।

आधुनिक सड़क सुविधाओं और काशी की धार्मिक पहचान के संगम से विकसित यह मार्ग शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को नया अनुभव देगा। इसके शुरू होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही काशी के पश्चिमी प्रवेश द्वार को भी भव्य स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!