,

जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि सरकार का संकल्प: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय जननायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोगों की सहभागिता रही। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण की और तीर-धनुष तथा पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री सहित मंच पर मौजूद अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को भी सुना। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की परंपराओं, कला और संस्कृति के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित विभूतियों बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया। जनजातीय नृत्य पर आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को भी पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर जनजातीय कला, संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जनजातीय समाज के पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान किया तथा मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित की। इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की महान गाथा है। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के संघर्ष का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर देश के महान जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में जशपुर और वर्ष 2025 में सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया था। सरगुजा में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी शामिल हुई थीं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष धरमजयगढ़ में तीसरा भव्य आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों और बलिदानियों की धरती है। यहां के 14 महान जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में अविस्मरणीय योगदान दिया। सोनाखान के शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल और भुखमरी से पीड़ित गरीबों तक अनाज पहुंचाने के लिए अन्यायपूर्ण व्यवस्था को चुनौती दी और मातृभूमि तथा जनसेवा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। इसी तरह वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित इस संग्रहालय में छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, उनके ऐतिहासिक संघर्षों और गौरवशाली विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। यह संग्रहालय नई पीढ़ी को अपने महान पूर्वजों के त्याग और बलिदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज को केवल विकास योजनाओं का लाभार्थी नहीं बनाया, बल्कि देश और राज्यों के नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण स्थान दिया है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विराजमान हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी जनजातीय समाज से आने वाले सामान्य परिवारों के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री की गारंटियों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राज्यांश की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया था। आज प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लगभग 40 प्रतिशत लाभ जनजातीय समाज को मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 32 किस्तों के माध्यम से अब तक लगभग 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। योजना की लगभग 30 प्रतिशत लाभार्थी जनजातीय समाज से हैं। इस तरह 20 लाख से अधिक जनजातीय माताएं-बहनें योजना से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में संग्रहण पारिश्रमिक की दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई है। इसके साथ ही चरण पादुका योजना फिर से शुरू की गई है। जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए अखरा और देवगुड़ी विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। अखरा विकास के प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पारंपरिक पदाधिकारियों की वार्षिक सम्मान राशि 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है। इसी तरह बैगा समुदाय के पात्र पारंपरिक पदाधिकारियों को भी प्रतिवर्ष 5,000 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में राज्य सरकार के एक महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता मिलेगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेशभर में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। नए केंद्रों से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, कृषि लागत में राहत देने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की धरती है। उनकी इच्छा इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण यात्रा की अनुमति नहीं मिलने से वे उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है। नितिन नवीन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

ब्यूरो प्रमुख- रायगढ़

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!