वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में 39 वर्षीय मनोज यादव की जान चली गई। गंभीर रूप से घायल मनोज को बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है।
मनोज यादव प्रभात नगर, तपोवन आश्रम, पहड़िया के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह भिखारीपुर स्थित बंगाल स्वीट हाउस में काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की ओर से उल्टी दिशा में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
वहीं, स्थानीय पुलिस के मुताबिक, अचानक सामने आए बाइक सवार से मनोज की टक्कर हुई और वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वह ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साले जितेंद्र यादव ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। मनोज अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। वह पांच भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर थे। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।












