चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बृहस्पतिवार को चकिया ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मुरारपुर और राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, हेतिमपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता, छात्रावासों की बुनियादी सुविधाएं, साफ-सफाई और छात्रों की समस्याओं का जायज़ा लिया गया।
निर्माण में लापरवाही पर नाराज़गी
कस्तूरबा गांधी विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक में गंभीर निर्माण खामियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल (U.P.P.C.L.) पर नाराजगी जताई और तत्काल नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने फोन पर प्रोजेक्ट मैनेजर से बात कर स्पष्ट किया कि अगले दिन शाम तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और प्रोजेक्ट मैनेजर संयुक्त निरीक्षण कर फोटो और वीडियो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा,
“जिस दिन अधिकारी ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन शुरू करेंगे, उसी दिन 90% समस्याएं समाप्त हो जाएंगी।”
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और अधिकारियों को मौके पर जाकर निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यदायी संस्थाओं की मनमानी पर रोक लगाई जा सके।
छात्रावासों की स्थिति पर चिंता
निरीक्षण के दौरान छात्रावास में सीलन और पानी के जमाव की स्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरी चिंता जताई और निर्देश दिया कि इसे तत्काल ठीक कराया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो संबंधित अभियंता और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छात्राओं से संवाद और समस्याओं का समाधान
जिलाधिकारी ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन, शौचालय, पुस्तकालय और आवासीय व्यवस्था की जानकारी ली। कई छात्राओं ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनके समाधान के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए।
हेतिमपुर आश्रम पद्धति विद्यालय का निरीक्षण
इसके बाद उन्होंने हेतिमपुर स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मंदिर में दर्शन के बाद छात्रावास, कक्ष, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और खेल मैदान का अवलोकन किया। साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने निर्देश दिया कि सरकारी आवासों की मरम्मत कार्यदायी संस्था से जल्द करवा कर शिक्षकों को उनमें स्थानांतरित किया जाए।
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारी
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, बालिका शिक्षा समन्वयक अनीता श्रीवास्तव, समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, प्रिंसिपल प्रिंस सिंह सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













