किशोरियों को शिक्षा व स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, सेनेटरी पैड और स्टेशनरी सामग्री का वितरण

चंदौली। चहनियां क्षेत्र के सेवढी प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को संरक्षण फाउंडेशन और स्पीड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराना था। कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी सामग्री, तिरंगा और किशोरियों को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों के स्वागत गीत से हुई, जिसने माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। संरक्षण फाउंडेशन की निदेशक शिप्रा शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे मजबूत आधार है और प्राथमिक स्तर पर मजबूत बुनियाद ही भविष्य में उन्हें वैज्ञानिक, इंजीनियर या अधिकारी बनने में मदद करती है। उन्होंने बच्चों को मेहनत से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और प्रभावी पढ़ाई के तरीके भी बताए। साथ ही, किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी जरूरी जानकारी दी, जिससे वे स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकें।

स्पीड संस्था के निदेशक अवधेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार अहम कार्य कर रही है, लेकिन इसमें समाज के हर व्यक्ति का योगदान जरूरी है। उन्होंने किशोरियों को न केवल स्वयं स्वस्थ रहने, बल्कि अपने आसपास की महिलाओं को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत संयुक्त टीम ने लक्ष्मणगढ़ गांव में विद्या पांडेय के नेतृत्व में 120 महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए। इस दौरान महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

इस मौके पर आत्म प्रकाश पांडेय, हरिहर पाठक, प्रधानाध्यापक बंश लाल, जगजीवन, सुशील कुमार, नईम अहमद, कमरजहा, अरुण, रविंद्र, राकेश समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

विशेष संवाददाता- गनपत राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!