मुगलसराय में शराब की दुकानों के बाहर लगे कैमरे, स्मार्ट कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

चंदौली। पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) से होकर होने वाली शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अब संवेदनशील शराब की दुकानों के बाहर आईपी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला मुख्यालय पर स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम से की जाएगी।

चौबीसों घंटे नजर

जानकारी के अनुसार, पीडीडीयू नगर क्षेत्र में रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2, चकिया तिराहा समेत चार स्थानों पर कैमरे लगाए गए हैं।

ये कैमरे सीधे एसपी ऑफिस और स्मार्ट कंट्रोल रूम से जुड़े हैं।

इनके माध्यम से गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस का मानना है कि कैमरों के जरिये न केवल तस्करों की पहचान और ट्रैकिंग आसान होगी बल्कि दुकानदारों की संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा सकेगी।

बार-बार पकड़े जा चुके गिरोह

पीडीडीयू नगर और अलीनगर इलाकों में पुलिस ने कई बार शराब तस्करी में शामिल गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। इन गिरोहों में महिलाएँ और पुरुष शामिल रहे हैं, जो यहां से शराब खरीदकर बिहार में सप्लाई करते थे। अवैध तस्करी के चलते उन्हें अधिक मुनाफा मिलता था।

चुनाव से पहले बढ़ी सतर्कता

बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के चलते प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया है। अधिकारियों का मानना है कि चुनावी माहौल में शराब तस्करी की गतिविधियाँ तेज हो सकती हैं। इसीलिए जिला प्रशासन ने अग्रिम रूप से कड़े कदम उठाए हैं।

एएसपी ने दिए निर्देश

हाल ही में एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने पीडीडीयू नगर में पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें तस्करी पर हर हाल में रोक लगाने और निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

विशेष संवाददाता- गनपत राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!