फावड़े से पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, शक बना वारदात की वजह

चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के बथावर गांव में पत्नी की बेरहमी से हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे पत्नी पर अवैध संबंधों का संदेह था, जिसके चलते उसने फावड़े से हमला कर उसकी जान ले ली।

घटना का विवरण

मंगलवार की सुबह भगवान दास यादव ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी क्रीमकला (30 वर्ष) पर फावड़े के पिछले हिस्से से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

त्वरित कार्रवाई में सफलता

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। लगातार दबिश के बाद बुधवार को आरोपी पति को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी पर शक था कि उसका किसी अन्य पुरुष से अवैध संबंध है। इसी संदेह और गुस्से में उसने घर में रखा फावड़ा उठाया और पत्नी के सिर पर वार कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया है।

आपराधिक इतिहास रहा है आरोपी का

पुलिस रिकार्ड खंगालने पर पता चला कि भगवान दास यादव का लंबा आपराधिक इतिहास है।

  • 2014 में धारा 147/148/307 भादवि का मुकदमा
  • 2015 में धारा 110(जी)
  • 2022 में धारा 504/506 भादवि से जुड़े मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार के साथ उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र, दिनेश राम, गोपाल तिवारी, हेड कांस्टेबल सतीश यादव, अमित यादव तथा कांस्टेबल रोहित कुमार गौड़, प्रश्विन दूबे और संदीप यादव शामिल रहे।

विशेष संवाददाता- गनपत राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!