चंद्रप्रभा नदी में उफान, तटवर्ती इलाकों में बढ़ा खतरा – प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

चंदौली। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते चंद्रप्रभा नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। नदी का जलस्तर उसकी निर्धारित क्षमता को पार कर चुका है, जिसके कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने ग्राम चितौड़ी के पास सीपी रेगुलेटर का फाटक खोल दिया, जिससे करीब 10,000 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।

खतरे में तटवर्ती गांव

जलस्तर में तेज वृद्धि के कारण नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीण दहशत में हैं और खेतों के साथ-साथ मकानों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

बबुरी थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें, नदी के पास अनावश्यक न जाएं और बच्चों व मवेशियों को सुरक्षित दूरी पर रखें।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

  • राजस्व विभाग, पुलिस और राहत टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
  • आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई है।
  • प्रशासन ने तटवर्ती गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

नहर माइनर टूटने से बढ़ी चिंता

इसी बीच चितौड़ी नहर माइनर टूटने की खबर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जानकारी मिलते ही भावी जिला पंचायत सदस्य (सेक्टर नंबर 3 प्रत्याशी) दिनेश जायसवाल अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने ग्रामीणों से कहा –

“अफवाहों से बचें और केवल प्रशासनिक अधिकारियों की आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। मैं हमेशा आपके साथ खड़ा हूँ, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।”

मौके पर मौजूद लोग

इस दौरान विमल सिंह, देवराज सिंह, अतुल सिंह, गगन सिंह, गया सिंह, पप्पू पटवा, सुनील सिंह (लादू), महेंद्र यादव, शैलेश जायसवाल और राजेश सिंह भी मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता- गनपत राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!