चंदौली।नगर पंचायत चकिया पर जन संघर्ष समिति ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बढ़े हुए जलकर और बिना कनेक्शन लिए ही लोगों से वसूली के मामले में नगर पंचायत ने समाधान का भरोसा दिलाकर अब वादा खिलाफी की है। इसी मुद्दे पर समिति ने घोषणा की है कि आगामी 2 सितम्बर की शाम गांधी पार्क में बैठक आयोजित होगी, जिसमें आगे की रणनीति और संघर्ष का निर्णय लिया जाएगा।
दो महीने तक चला धरना
जन संघर्ष समिति ने बताया कि बढ़े हुए जल टैक्स और अवैध वसूली के खिलाफ समिति ने गांधी पार्क में करीब दो महीने तक धरना दिया। इसके बाद 17 मई 2025 को नगर पंचायत के कर्मचारियों ने चेयरमैन की ओर से एक आश्वासन पत्र सौंपकर धरना समाप्त कराया था।
पत्र में साफ लिखा था कि –
- इस मामले में शासन को पत्र भेज दिया गया है।
- जब तक शासन से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिलते, वसूली की कार्रवाई स्थगित रहेगी।
- शासन से निर्देश प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।
समिति का आरोप
समिति का कहना है कि आश्वासन के बावजूद नगर पंचायत अब लोगों को नोटिस भेजकर टैक्स वसूली कर रही है।
जन संघर्ष समिति का तर्क है –
- यदि शासन से कोई निर्देश प्राप्त हुए हैं तो नगर पंचायत को उसे सार्वजनिक करना चाहिए।
- यदि निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं, तो यह पूरी तरह से वादा खिलाफी और जनता के साथ धोखा है।
बैठक में होगा फैसला
जन संघर्ष समिति ने साफ कर दिया है कि अब गांधी पार्क की बैठक में आगे के संघर्ष और आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।









