जिम संचालक हत्याकांड के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में असलहे बरामद

चंदौली।मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान जिम संचालक हत्याकांड में वांछित 50-50 हजार के इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

शनिवार की रात मुगलसराय प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिम संचालक हत्या में शामिल अपराधी रोशन यादव और रोहित यादव रेलवे लाइन से होकर मानसरोवर पोखरे की ओर जा रहे हैं। सूचना यह भी थी कि उनके पास बड़ी संख्या में अवैध असलहे मौजूद हैं और वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

पुलिस ने तत्काल पोखरे और जीटीआर ब्रिज के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद दो संदिग्ध युवक आते दिखे, जिनके कंधे पर बैग लटक रहे थे। पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार बदमाश और बरामदगी

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान इस प्रकार हुई –

  • रोशन यादव, निवासी मोहम्मदाबाद, गाजीपुर
  • रोहित यादव, निवासी चेतगंज, वाराणसी

दोनों के बैग की तलाशी लेने पर बरामद हुआ –

  • 7 पिस्टल (32 बोर)
  • 7 जिंदा कारतूस (32 बोर)
  • 3 देशी तमंचा (315 बोर)
  • 3 जिंदा कारतूस (315 बोर)

पुलिस के अनुसार, इन्हीं असलहों में से एक पिस्टल का इस्तेमाल जिम संचालक की गोली मारकर हत्या में किया गया था।

गिरफ्तारी में शामिल टीम

इस कार्रवाई में पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही। प्रमुख सदस्य –
उपनिरीक्षक मनोज तिवारी, अजय कुमार, अभिषेक शुक्ला, विवेकानंद, मिराज अहमद, अतुल कुमार सिंह, स्वॉट प्रभारी आशीष मिश्रा, अरविंद भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, बिजेंद्र कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, प्रेम प्रकाश यादव, मंटू सिंह, अजीत कुमार सिंह, गणेश तिवारी, मनोज कुमार यादव, मनीष कुमार और संदीप कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!