लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने मंगलवार देर रात आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। तबादलों की इस लिस्ट में एक दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल हैं। कई जिलों के कप्तानों को बदला गया है, तो कुछ को मुख्यालय से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, आज़मगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना को पुलिस अधीक्षक, नगर, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ भेजा गया है। वहीं, सतीश कुमार मिश्रा (कुशीनगर) को भी पुलिस अधीक्षक नगर, मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है।
जय प्रकाश सिंह (सोनभद्र) को उन्नाव का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि स्वप्निल ममगई (अलीगढ़) अब देवरिया जिले की कमान संभालेंगे। देवरिया के कप्तान विज्ञान्त वीरे को भी लखनऊ मुख्यालय में भेजा गया है।
हरदोई के एसपी कुणाल सिंह को अलीगढ़ का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सोनभद्र के एसपी अमित कुमार अब हरदोई की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी तरह, रेलवे आगरा के एसपी आदित्य कुमार वर्मा सोनभद्र भेजे गए हैं।
उन्नाव के कप्तान दीपक भूकर को प्रतापगढ़ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। प्रतापगढ़ के एसपी अमित कुमार- II को आज़मगढ़ का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, ब्रजेश कुमार (अमेठी) अब कुशीनगर के एसपी होंगे। औरैया के एसपी अरविंद चौधरी को अम्बेडकरनगर की कमान सौंपी गई है।
प्रयागराज में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। यहां पुलिस उपयुक्त, पुलिस कमिश्नरेट के पद पर तैनात अभिषेक भारती को औरैया का एसपी बनाया गया है। जबकि, विनीत कुमार झा (कमांडेंट, 04 बटालियन पीएसी प्रयागराज) को प्रयागराज पुलिस उपयुक्त के पद पर भेजा गया है।
रेलवे आगरा के एसपी अमित कुमार सिंह को अब पुलिस अधीक्षक, नगर, मुख्यालय लखनऊ नियुक्त किया गया है। वहीं, सीतापुर पीएसी में तैनात सूरज कुमार वर्मा को प्रयागराज स्थानांतरित किया गया है।
इन तबादलों के साथ ही कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सरकार का कहना है कि यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए किया गया है।
अखण्ड न्यूज़- अनिरुद्ध जायसवाल













