चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में बीती रात चोरी की सनसनीखेज वारदात से ग्रामीण दहशत में हैं। आरोप है कि एक अकेला चोर घर में घुसा और चाकू की नोक पर गृहस्वामी की पत्नी को धमकाकर लाखों रुपये के सामान की चोरी कर फरार हो गया।
गृहस्वामी शीतल पटेल के अनुसार, रात करीब 11 बजे चोर अचानक घर में दाखिल हुआ। उस समय घर पर उनकी पत्नी अकेली मौजूद थीं। आरोप है कि चोर ने धारदार हथियार दिखाकर महिला को भयभीत किया और करीब डेढ़ घंटे तक घर में आराम से तलाशी लेता रहा। इस दौरान चोर ने 12 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की चेन और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। घटना के तुरंत बाद महिला ने साहस दिखाते हुए डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और फिर कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मुगलसराय सीओ और इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घर की बारीकी से जांच-पड़ताल की और ग्रामीणों से पूछताछ की। हालांकि कोतवाली प्रभारी गगन राज सिंह ने मामले पर संदेह जताते हुए कहा कि रात 11 बजे इस तरह की बड़ी चोरी होना कठिन प्रतीत होता है। उन्होंने यह भी बताया कि घर में मौजूद कई आभूषणों को चोर ने हाथ तक नहीं लगाया।
पुलिस फिलहाल घटना की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहनता से पड़ताल की जा रही है और बहुत जल्द सच सामने लाकर चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा। इस घटना से गांव में भय और दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।









